जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान CJP प्रमुख अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ी, समर्थकों में मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली। राजधानी के जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) के प्रदर्शन के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। गर्मी और भीड़ के बीच भाषण देते समय उनकी हालत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें पहले मंच के पीछे बैठाया गया और फिर गाड़ी से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

प्रदर्शन में मौजूद लोगों के अनुसार, अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे थे और मंच से सरकार की नीतियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग दोहराई।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और करीब 5 घंटे तक नारेबाजी व विरोध जारी रहा। CJP समर्थकों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर सोशल मीडिया गतिविधियों को दबाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और गर्म हो गया जब जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी मंच पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी के बाद भीड़ बढ़ गई और कार्यक्रम में उत्साह देखा गया। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने के लिए प्रशासन का आभार जताया।

CJP ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को 5 दिन के भीतर इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए थे और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *