12 से 14 साल तक के बच्चों को 29 मार्च से अब स्कूलों में भी लगेंगे कोरोनारोधी टीके

रायपुर । छत्‍तीसगढ़ के रायपुर जिले में बच्चों के 100 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए स्कूलों में अभियान शुरू करने की योजना बना ली गई है। 29 मार्च से स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण करेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने हर दिन 15,000 बच्चों को कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।

इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम अलग-अलग स्कूलों में जाकर टीकाकरण का कार्य पूर्ण करेगी। इसकी सूचना सभी स्कूलों को भी दे दी गई है। बता दें कि प्रदेश में 12 से 14 आयु के 13.21 लाख बच्चों में 12 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। इस आयु वर्ग के बच्चों को कोर्बेवैक्स कोरोना टीका लगाया जा रहा है। प्रदेश में करीब 10 लाख कोर्बेवैक्स टीका उपलब्ध है।
15 से 18 आयु के 47 प्रतिशत को दोनों टीके
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 15 से 18 आयु के 16 लाख 39 हजार 811 किशोरों में 69 प्रतिशत को पहला टीका लगाया गया है। वहीं 47 प्रतिशत किशोरों को दोनों टीके लगाए गए हैं, जबकि 18 से अधिक आयु वर्ग के 1 करोड़ 96 लाख से अधिक लोगों में 100 प्रतिशत को पहला टीका व 85 फीसद को दोनों टीके लगाए गए हैं। इसी तरह बूस्टर डोज के लिए लक्षित 32 लाख 42 हजार की आबादी में 13 फीसद का टीकाकरण किया गया है।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *