रायपुर । छत्तीसगढ़ को स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की हरित ऊर्जा एवं निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रदर्शनी स्टॉल पर इस पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसरों, ग्रीन एनर्जी को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं तथा स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में उपलब्ध ऊर्जा संसाधनों और अनुकूल नीतियों के माध्यम से निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार सतत विकास की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह पुस्तक देश-विदेश के निवेशकों, ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों और अन्य हितधारकों को छत्तीसगढ़ की नीतियों, उपलब्ध संसाधनों, निवेश के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
हरित ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की यह पहल राज्य को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक निवेश और सतत विकास के नए आयामों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।