रायपुर । जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए हादसे में दो श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच
मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।
श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन किया जाना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार के लिए भी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
राज्य सरकार ने हादसे की जांच के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।