ज्ञानेश्वरी यादव की सिल्वर जीत पर मुख्यमंत्री साय बोले—छत्तीसगढ़ की प्रतिभा का विश्व मंच पर सम्मान

रायपुर । कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह साबित किया है कि प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम के बल पर वैश्विक मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएँ और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए उत्साहित करेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *