मुख्यमंत्री साय ने जे.पी. नड्डा से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने श्री नड्डा के स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी लेते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण रही है। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता और आधुनिक उपचार सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।

केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में व्यापक बदलाव आया है। आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।

केंद्र से सहयोग का आश्वासन

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *