रायपुर | छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रदेश के पात्र लोक कलाकार 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के साथ कलाकारों का सम्मान बढ़ाना और कला दलों के सतत विकास को गति देना है।
इन विधाओं के कलाकार कर सकते हैं आवेदन
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को एक वित्तीय वर्ष में एक बार ई-पेमेंट के माध्यम से न्यूनतम 12 हजार से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
वार्षिक आय की सीमा निर्धारित
योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन प्रपत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन भेजने का पता है—
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर,
द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018
प्रविष्टियां प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। लिफाफे पर ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा।
प्राप्त आवेदनों का परीक्षण निर्धारित समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। योजना के माध्यम से प्रदेश के लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग के साथ अपनी कला को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।