मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मेधावी योजना की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

भोपाल । मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और मेधावी विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना और मेधावी योजना के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया गया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से जुड़े विभिन्न कार्यों की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे का विस्तार आवश्यक है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जरूरी है।

मेधावी विद्यार्थियों को मिले योजनाओं का अधिकतम लाभ

बैठक में मेधावी योजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मेधावी विद्यार्थियों को योजना का अधिकतम लाभ मिले और इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

उन्होंने योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र विद्यार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से लेकर विद्यार्थियों के हित में संचालित योजनाओं तक सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *