रायपुर | छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। राज्य के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयन के लिए बधाई दी और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
जशपुर की मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर
मधु सिदार जशपुर जिले के कांसराबेल क्षेत्र के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली हैं। किसान परिवार से आने वाली मधु ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद हॉकी में अपनी अलग पहचान बनाई है।
वह सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकी हैं। मधु भारतीय जूनियर टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अनुभव हासिल कर चुकी हैं।
गीता यादव ने भी बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का शुरुआती प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से लिया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
गीता का अंतरराष्ट्रीय सफर 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे में हिस्सा लिया। इसके बाद वह अर्जेंटीना और इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य में हॉकी प्रतिभाओं को मिल रहे बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं का परिणाम माना जा रहा है। खेल विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।