नई दिल्ली/रायपुर । सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की महापरिषद की 93वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
पिछले पांच वर्षों में NCDC ने हासिल किए नए मुकाम : द्विवेदी
बैठक में अपने विचार व्यक्त करते हुए मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की स्थापना वर्ष 1963 में हुई थी। हालांकि, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों के दौरान निगम ने उल्लेखनीय प्रगति की है और सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में आए बदलावों से देशभर की सहकारी संस्थाओं को नई मजबूती मिली है। NCDC ने सहकारी संस्थाओं के विकास, वित्तीय सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
किसानों और सहकारी समितियों को मजबूत करने पर जोर
श्री द्विवेदी ने बैठक में छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से किसानों के हितों की रक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा सहकारी समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और विभिन्न पहलों को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि सहकार से समृद्धि के विजन को धरातल पर उतारने के लिए सहकारी संस्थाओं की वित्तीय एवं बुनियादी ढांचागत क्षमता को मजबूत करना आवश्यक है।
बैठक में देशभर के सहकारी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में हुए विचार-विमर्श से सहकारी संस्थाओं को अधिक सुदृढ़, सक्षम और पारदर्शी बनाने के प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इससे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सहकारिता आंदोलन को और गति मिलेगी।