छत्तीसगढ़ को मिला 43,250 करोड़ का FDI, AI डेटा सेंटर में 41,750 करोड़ निवेश करेगी सिंगापुर की कंपनी

रायपुर । छत्तीसगढ़ ने डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव सिंगापुर की Energy Capital Global Private Limited की ओर से आया है, जो छत्तीसगढ़ में ₹41,750 करोड़ के निवेश से 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने Energy Capital Global को निवेश के लिए ‘Invitation to Invest’ सौंपा।

100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

Energy Capital Global सिंगापुर मुख्यालय वाली कंपनी है, जो एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी मध्य भारत में सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय पूंजी एवं विशेषज्ञता लाने और इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

सोलर और बैटरी स्टोरेज क्षेत्र में भी निवेश

SING Forum के दौरान छत्तीसगढ़ को Sunstream Green Energy Private Limited से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर ऊर्जा के साथ-साथ संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के क्षेत्र में किया जाएगा।

इन निवेश प्रस्तावों से राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ ऊर्जा और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

CM साय बोले- निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ पर भरोसे का प्रमाण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और यहां के लोगों के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य में किए जा रहे प्रशासनिक और औद्योगिक सुधारों को निवेश के लिए अनुकूल वातावरण का आधार बताया।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और सुधारों की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

वैश्विक कंपनियों की रही भागीदारी

SING Forum 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

फोरम से इतर मुख्यमंत्री साय ने Aquatech और Adroit Overseas Private Limited के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में औद्योगिक क्षेत्रों में अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना तथा छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसका उद्देश्य SING Forum के दौरान बनी निवेश की गति को आगे बढ़ाना और छत्तीसगढ़ में नए निवेश आकर्षित करना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *