बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गुजरात के नन्द घरों का अवलोकन करने पहुंचीं छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर । हर बच्चे को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नन्द घरों में उपलब्ध सुविधाओं और वहां बच्चों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्रों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया।

बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष जोर

गुजरात के गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई में स्थित नन्द घरों के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सुविधाओं को देखा।

उन्होंने नन्द घरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे केंद्र बच्चों के शुरुआती जीवन को बेहतर बनाने के साथ माताओं तक जरूरी सहयोग और सेवाएं पहुंचाने का माध्यम भी हैं। यहां बच्चों को मिलने वाला देखभाल और सीखने का वातावरण उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास की नींव तैयार करता है।

गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री से की मुलाकात

गुजरात प्रवास के दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गांधीनगर स्थित सचिवालय में गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।

बैठक में दोनों राज्यों की विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

राज्यों के बीच अनुभव साझा करने पर जोर

यह दौरा छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का यह भ्रमण बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराने के साथ महिला एवं बाल कल्याण सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों से जुड़ा रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *