रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण होने की उपलब्धि का उत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने 11 हितग्राहियों को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही, ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गठन के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी करने का निर्णय लिया था। इसके बाद निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
सरकार के अनुसार, बीते वित्तीय वर्ष में लगभग 6 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए, जो एक वर्ष में देश में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों (1 अप्रैल से 9 जुलाई) के दौरान 1.51 लाख आवास पूरे किए गए हैं। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक आवास पूर्ण किए गए।
कार्यक्रम में ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का भी लोकार्पण किया गया। यह अभियान 24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था। जनभागीदारी आधारित इस अभियान के तहत महात्मा गांधी नरेगा और वीबी-जीरामजी के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से अधिक जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत आजीविका डबरी, नवा तरिया, कंटूर ट्रेंच सहित विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण कर जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन कुमार अग्रवाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।