रायपुर । छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सफल समापन के अवसर पर राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताते हुए कहा कि हॉकी भारत का गौरव है और इस तरह के आयोजन देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता ने बस्तर से सरगुजा तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का बड़ा मंच उपलब्ध कराया है।
छह टीमों ने बनाया छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को खेल उत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। जरूरत उन्हें उचित अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने बताया कि लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस ने हिस्सा लिया। इन टीमों के माध्यम से बस्तर, सरगुजा, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक मंच पर खेलने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता इस लीग की विशेष उपलब्धि रही। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने और हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बना खेल को बढ़ावा देने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रेरक मंत्र है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंची। हिन्दी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति और भाषा से भी जोड़ा।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से गांवों की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से ऐसे खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेंगे।
केंद्रीय मंत्री बोले- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग पूरे देश के लिए रोल मॉडल
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन पूरे देश के लिए एक उदाहरण है। यदि सरकार में दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो खेलों के विकास के लिए इस तरह के प्रभावी आयोजन किए जा सकते हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलते हैं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की समृद्ध खेल परंपरा और राष्ट्रीय गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल से विश्वभर में भारत की पहचान बनाई। उनकी उपलब्धियां आज भी देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं।
डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ी है। आज युवा खेलों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य बनाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का स्वरूप और व्यापक होगा तथा यह प्रदेश के साथ देशभर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी।
कई जनप्रतिनिधि और खेल जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने प्रदेश में हॉकी सहित अन्य खेलों को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।