रायपुर । छत्तीसगढ़ तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। राज्य में लागू औद्योगिक विकास नीति 2024-30, रोजगार आधारित प्रोत्साहन योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और सिंगल विंडो व्यवस्था के परिणामस्वरूप औद्योगिक गतिविधियों और निवेश में उल्लेखनीय तेजी आई है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 3,271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है। वहीं राज्य को 8.85 लाख करोड़ रुपये के 309 निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे आने वाले वर्षों में लगभग दो लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग श्री रजत कुमार के साथ नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी।
8.85 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 24 जिलों में शुरू हुई औद्योगिक गतिविधियां
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि प्रदेश को प्राप्त 309 निवेश प्रस्तावों में से 192 परियोजनाएं उन्नत चरण में हैं, 160 परियोजनाओं का क्रियान्वयन जारी है तथा 32 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। कुल निवेश प्रस्तावों में 51 प्रतिशत निवेश थ्रस्ट सेक्टर और 49 प्रतिशत पारंपरिक औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित है। प्रदेश के 24 जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था से निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। राज्य अब केवल खनिज आधारित उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक और रोजगार आधारित नए औद्योगिक क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नए क्षेत्रों में खुल रहे औद्योगिक विकास के अवसर
मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान कई ऐसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ हुई हैं, जिनमें पहले निवेश की संभावनाएं सीमित थीं। इनमें गारमेंट सेक्टर, चॉकलेट निर्माण, एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन नए उद्योगों से प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को विविधता मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
उद्योगों को 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी
उद्योग मंत्री ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा अब तक 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। सूक्ष्म विनिर्माण इकाइयों को 100 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 150 प्रतिशत स्थायी पूंजी निवेश लाभ देने का प्रावधान किया गया है।
महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की सूक्ष्म इकाइयों को प्रारंभिक पूंजी के लिए 25 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी तथा ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम भी मजबूत हो रहा है। वर्तमान में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,500 से अधिक स्टार्टअप पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं। छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के माध्यम से नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
निर्यात में 12.19 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि
सचिव उद्योग एवं वाणिज्य श्री रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश के निर्यात में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2023-24 में छत्तीसगढ़ का निर्यात 16,681 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,715 करोड़ रुपये हो गया है। इस प्रकार निर्यात में 12.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश से चीन को 12 हजार टन कॉपर कंसंट्रेट, कोस्टा रिका को एफआरके, पापुआ न्यू गिनी को चावल और ब्रिटेन को हर्बल उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है। निर्यात गतिविधियों को और गति देने के लिए निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 अधिसूचित की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिलों में निर्यात संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
एक क्लिक पर 210 से अधिक सेवाएं, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया हुई आसान
मंत्री श्री देवांगन और सचिव श्री रजत कुमार ने बताया कि उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वन क्लिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं और अनुदान ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस व्यवस्था के तहत प्रोत्साहन राशि का वितरण 28 दिनों में किया जा रहा है। अब तक सात हजार आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। बस्तर क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों में 102 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। निवेशक संतुष्टि रेटिंग 5 में से 4.07 रही है।
ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है। साथ ही भूमि अभिलेखों को 100 प्रतिशत जीआईएस आधारित प्रणाली से एकीकृत किया गया है।
प्रशासनिक सुधारों से कारोबार करना हुआ आसान
सचिव श्री रजत कुमार ने बताया कि राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक सुधार लागू किए गए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और जन विश्वास एक्ट-2025 प्रमुख हैं।
जन विश्वास एक्ट के माध्यम से 279 अपराधों को गैर-आपराधिक श्रेणी में शामिल किया गया है। उद्योगों का जोखिम आधारित वर्गीकरण, 17,893 मामलों में स्व-प्रमाणन, भू-डायवर्जन की अनुमति समाप्त करने और तीन लाख से अधिक मामलों में स्वचालित नामांतरण जैसे सुधार भी लागू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत मिली है और उद्योग स्थापना की प्रक्रिया अधिक सरल तथा पारदर्शी बनी है।
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ को मिली महत्वपूर्ण उपलब्धियां
सचिव श्री रजत कुमार ने बताया कि औद्योगिक विकास, निवेश अनुकूल वातावरण और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।
नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में नियामकीय सुगमता और संस्थागत वातावरण के क्षेत्र में प्रदेश को प्रथम स्थान मिला है। वहीं डीरिगुलेशन 2.0 के तहत 28 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सुधारों के लिए छत्तीसगढ़ को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
इसके अलावा लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में LEADS 2025 के अंतर्गत लैंडलॉक्ड राज्यों की श्रेणी में प्रदेश को ‘हाई परफॉर्मर’ का दर्जा मिला है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (BRAP) 2024 में भी चार श्रेणियों में छत्तीसगढ़ को ‘टॉप अचीवर’ घोषित किया गया है।
पीएम गति-शक्ति योजना के अंतर्गत प्रदेश में 47 उपयोग मामलों और 30 टूल्स का उपयोग किया जा रहा है, जिससे औद्योगिक अधोसंरचना और लॉजिस्टिक्स की योजना को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
रोजगार, निवेश और नवाचार से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़
उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है। इसके लिए पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और सेवा क्षेत्र में निवेश को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सरकार की औद्योगिक विकास नीति का प्रमुख उद्देश्य निवेश को रोजगार, रोजगार को आर्थिक समृद्धि और औद्योगिक विकास को जनकल्याण से जोड़ना है।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बेहतर नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और निवेशकों के सहयोग से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।