कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन: डीके शिवकुमार बने मुख्यमंत्री, सिद्धारमैया को राष्ट्रीय भूमिका

बेंगलुरु/नई दिल्ली। कर्नाटक को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। डीके शिवकुमार शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे। बेंगलुरु में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके साथ 13 मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। नई कैबिनेट में अनुभवी नेताओं के साथ कुछ युवा चेहरों को भी शामिल किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल गठन में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है, जबकि एमबी पाटिल, ईश्वर खंड्रे, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जरकीहोली और केजे जॉर्ज जैसे नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले डीके शिवकुमार ने कहा कि यह उनके लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, समर्पण और पार्टी के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने खुद को एक साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।

इधर, कर्नाटक की सत्ता में बदलाव के साथ कांग्रेस नेतृत्व ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें कांग्रेस की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी अध्यक्ष ने उनके नाम पर मुहर लगाते हुए तत्काल प्रभाव से नियुक्ति की घोषणा की है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और सिद्धारमैया को राष्ट्रीय संगठन में नई भूमिका देने के जरिए कांग्रेस ने राज्य और केंद्र, दोनों स्तरों पर संतुलन साधने की कोशिश की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *