मुंबई। अभिनेता चंदन आनंद के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक और प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके करियर और सोच को बदल देने वाला अनुभव साबित हुई है। करीब 10-15 साल तक अपराध, हिंसा और गैंगस्टर जैसे किरदार निभाने के बाद चंदन ने आध्यात्मिक फिल्म में काम करने के अनुभव को ‘सात्विक भोजन’ जैसा बताया है।
चंदन आनंद को ‘रंगबाज’, ‘फाइटर’, ‘क्लास’, ‘पार्च्ड’, ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ और ‘होमबाउंड’ जैसी फिल्मों और सीरीज में अलग-अलग तरह के किरदारों में देखा गया है। लेकिन ‘हनुमान अंश’ में उनका किरदार इससे बिल्कुल अलग था।
‘हनुमान अंश’ ने बदल दिया सोचने का नजरिया
चंदन के मुताबिक, लंबे समय तक हिंसा, मर्डर मिस्ट्री और गैंगस्टर वाली कहानियों का हिस्सा रहने के बाद आध्यात्मिक फिल्म करना उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव था। उन्होंने कहा कि जैसे सात्विक भोजन शरीर के साथ मन और आत्मा को भी पोषण देता है, वैसे ही ‘हनुमान अंश’ भी उनके लिए सुकून देने वाला अनुभव रही।
फिल्म की शूटिंग का माहौल भी काफी अलग रखा गया था। चंदन ने बताया कि सेट पर चिल्लाने, लड़ाई-झगड़े और गाली-गलौज तक पर रोक थी। इससे फिल्म की आध्यात्मिकता सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रही, बल्कि शूटिंग के माहौल में भी दिखाई दी।
छह महीने पहले की प्रार्थना, फिर मिला फिल्म का ऑफर
चंदन ने अपने अनुभव को महज संयोग नहीं माना। उन्होंने बताया कि शूटिंग शुरू होने से करीब छह महीने पहले उन्होंने पहली बार नीम करोली बाबा के बारे में करीब से जाना और बाबा के मंदिर जाकर प्रार्थना की थी कि उन्हें हनुमान जी से जुड़ी किसी फिल्म में काम करने का मौका मिले।
करीब छह महीने बाद उन्हें ‘हनुमान अंश’ में काम करने का फोन आया। चंदन इसे हनुमान जी का आशीर्वाद मानते हैं।
बोले- जिंदगी हो गई सात्विक
फिल्म में चंदन ने राम नंदन भोसले का किरदार निभाया है। उनके मुताबिक, इस किरदार की जिद, आदर्शवाद और सोच उन्हें अपनी असल जिंदगी से भी जुड़ी हुई महसूस हुई। इस भूमिका ने उन्हें अपनी सोच को नए नजरिए से देखने का मौका दिया।
चंदन का कहना है कि निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें ऐसा किरदार दिया, जिसने उनकी जिंदगी को बेहतर और खुशहाल बनाने में मदद की। उनके लिए यह फिल्म महज एक्टिंग प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि व्यक्तिगत बदलाव का जरिया बन गई।
‘हनुमान अंश 2’ का भी ऐलान
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और अब इसके सीक्वल ‘हनुमान अंश 2’ का भी ऐलान हो चुका है।
सीक्वल में नीम करोली बाबा के जन्मस्थान और उनकी आगे की आध्यात्मिक यात्रा पर फोकस किए जाने की बात सामने आई है।