रायपुर । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से गुरुवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्री तोमन साहू ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 13 जिलों में जिला रेड क्रॉस समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी दी और संबंधित प्रतिवेदन राज्यपाल को सौंपा।
मुलाकात के दौरान श्री तोमन साहू ने राज्यपाल को विभिन्न जिलों में रेड क्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों और संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल श्री रमेन डेका को आमंत्रित भी किया।
शेष जिलों में भी समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेश के शेष जिलों में भी जिला रेड क्रॉस समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस की गतिविधियों का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
राज्यपाल ने रेड क्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य श्री युगल सिन्हा भी उपस्थित रहे।