CG Breaking: 12.5 करोड़ के फर्जी ITC घोटाले में DGGI की बड़ी कार्रवाई, यूपी से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर | छत्तीसगढ़ में फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) रायपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक के रूप में हुई है, जिस पर बोगस फर्मों के जरिए करीब 12.5 करोड़ रुपये के फर्जी ITC का लाभ लेने और उसे आगे ट्रांसफर करने का आरोप है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद DGGI टीम ने शाहजहांपुर के अतिबरा गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित रूप से स्क्रैप कारोबार की आड़ में फर्जी फर्मों का संचालन किया और कागजों में कारोबार दिखाकर करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया।

जांच में यह भी पता चला है कि कुछ फर्में परिवार के सदस्यों के नाम पर बनाई गई थीं, जिनमें समृद्धि ट्रेडिंग और ख्याति इंटरप्राइजेज जैसे नाम शामिल हैं। एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की जांच कर रही हैं।

DGGI का कहना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और आगे जांच में और बड़े खुलासे तथा गिरफ्तारियां संभव हैं। मामले में आरोपी के मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे फर्जी ITC नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *