रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से सौजन्य भेंट कर महिला एवं बाल विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने हालिया बस्तर संभाग प्रवास के अनुभव साझा करते हुए क्षेत्र में किए गए निरीक्षण, जनसंवाद कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर सामने आई चुनौतियों एवं संभावनाओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
दोनों नेताओं के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने, दूरस्थ क्षेत्रों में पोषण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आंगनबाड़ी सेवाओं के विस्तार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा आगामी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के मार्गदर्शन और सुझावों से प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को और अधिक प्रभावी, समावेशी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।