तमिलनाडु विधानसभा में थलापति विजय का पहला भाषण: आलोचकों को जवाब, कहा- ‘हम एक्टर्स की पार्टी नहीं’

तमिलनाडु। तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन के बाद थलापति विजय ने विधानसभा में अपना पहला संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने अपनी सरकार को “आम जनता की सरकार” बताते हुए विपक्ष और आलोचकों पर तीखा हमला बोला।

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलापति विजय ने कहा कि उनकी पार्टी को लंबे समय से “एक्टर्स की पार्टी” कहकर संबोधित किया जाता रहा है, लेकिन जनता ने भरोसा और संघर्ष के आधार पर उन्हें सत्ता सौंपी है। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी शॉर्टकट का नतीजा नहीं बल्कि वर्षों की मेहनत और जनता से जुड़ाव का परिणाम है।

विजय ने अपने भाषण में कहा कि आलोचकों की बातों से उनकी सरकार प्रभावित नहीं होती और उनकी प्राथमिकता जनता की सेवा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को करीब 35 प्रतिशत वोट मिले हैं और चुनाव के दौरान कई चुनौतियों और बाधाओं का सामना करना पड़ा।

अपने संबोधन में उन्होंने 2026 चुनाव अभियान के दौरान हुए एक हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें भगदड़ के दौरान 41 लोगों की मौत हुई थी। विजय ने कहा कि इस घटना का दर्द आज भी उनके साथ है, लेकिन राजनीति में इसके लिए उनकी पार्टी को अनावश्यक रूप से जिम्मेदार ठहराया गया।

उन्होंने पूर्व नेताओं सी.एन. अन्नादुरई और एम.जी. रामचंद्रन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी तरह उनकी सरकार भी आम लोगों के प्रतिनिधित्व पर आधारित है।

विजय ने यह भी बताया कि राजनीति में उनकी सक्रियता नई नहीं है और वे लंबे समय से जनता के मुद्दों से जुड़े रहे हैं, जिसमें 2011 में मछुआरों के समर्थन में आयोजित जनसभाएं भी शामिल हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *