जशपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बागबहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरंगपानी से पथलगांव जा रही ओम ट्रैवल्स की यात्री बस खाड़ामाचा के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 15 यात्री सवार थे। अचानक बस के नियंत्रण खोने के बाद वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। घटना में दो यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
राहत और बचाव कार्य शुरू
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे राहत की बात है।
हादसे की जांच जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।
यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहनों की स्थिति पर सवाल खड़े कर रहा है।