IND vs AFG T20I Series | टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत की खबर है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिट हो गए हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज के साथ 2026 एशियन गेम्स के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। वहीं तेज गेंदबाज हर्षित राणा एक बार फिर चोटिल होने के कारण दोनों टीमों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली T20I सीरीज से पहले बड़ा झटका और बड़ी राहत एक साथ मिली है। बुमराह की फिटनेस को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। वह सीरीज के लिए पूरी तरह फिट घोषित किए गए हैं।
हर्षित राणा दोबारा चोटिल
हर्षित राणा को लेकर पहले उम्मीद थी कि वह समय रहते फिट होकर टीम में वापसी कर लेंगे। लेकिन BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के दौरान उन्हें दोबारा चोट लग गई।
7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते हुए राणा की रेक्टस फेमोरिस मांसपेशी में खिंचाव आ गया। इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज और एशियन गेम्स, दोनों की टीमों से बाहर कर दिया गया।
उनकी जगह 27 वर्षीय यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।
यश ठाकुर को मिला बड़ा मौका
विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने हाल ही में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर अपना T20I डेब्यू किया था। उन्होंने दो मुकाबलों में चार विकेट हासिल किए।
घरेलू क्रिकेट में भी ठाकुर का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने लगातार प्रभावी प्रदर्शन किया है। 50 मैचों में उनके नाम 81 विकेट हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.04 रहा है।
अब बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ यश ठाकुर भारतीय पेस अटैक का हिस्सा होंगे।
बुमराह की वापसी से टीम को मिलेगी मजबूती
जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल हो गए थे और उसके बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर थे। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी की उम्मीद थी, लेकिन वह उस समय तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए थे।
अब फिट घोषित होने के बाद बुमराह अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज में नजर आएंगे। इसके बाद 28 सितंबर से होने वाले एशियन गेम्स में भी वह टीम का हिस्सा होंगे।
बुमराह की वापसी भारतीय टीम के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि वह अर्शदीप सिंह के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे कप्तानी
अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स दोनों के लिए श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।
2026 एशियन गेम्स के लिए टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।