पुणे | NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI की हिरासत में चल रहे कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगांवकर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पुणे नगर निगम (PMC) ने उनके RCC क्लासेज कैंपस पर बुलडोजर चलाया और दो संपत्तियों को सील कर दिया।
नगर निगम के अनुसार, मोटेगांवकर से जुड़ी इन परिसरों पर लगभग 3.20 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था और कुछ जगहों पर बिना मंजूरी के निर्माण और अवैध पार्किंग भी की जा रही थी। नोटिस देने के बावजूद सुधार न होने पर यह सख्त कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने बताया कि सील की गई संपत्तियों में JM रोड स्थित बोरावके बिल्डिंग की पहली मंजिल भी शामिल है, जहां बिना अनुमति के कोचिंग क्लासेज चल रही थीं।
इस कार्रवाई से स्पष्ट हो गया है कि NEET-UG पेपर लीक मामले में आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ प्रशासनिक और कानूनी दोनों तरफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम ने संकेत दिया है कि जांच और कार्रवाई अन्य मोटेगांवकर से जुड़ी संपत्तियों तक भी बढ़ सकती है।