बिलासपुर में वैक्सीन की बूस्टर डोज आज से, शुरुआत 70 हजार स्वास्थ्यकर्मियों से

बिलासपुर। जिले में सोमवार से कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाने का शुभारंभ किया जा रहा है। इसके लिए जिले में 55 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 70 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को बूस्टर डोज लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 60 साल से ऊपर आयु वर्ग के ऐसे बुजुर्ग जो मेडिकल अनफिट हैं, उन्हें भी बूस्टर डोज लगाई जाएगी।

जिला टीकाकरण अधिकारी डा. मनोज सैमुअल ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा निर्देश में सोमवार से बूस्टर डोज लगाना शुरू कर दिया जाएगा। इसकी तैयारी भी पूरी कर ली गई है। हालांकि अभी सिर्फ स्वास्थ्य कर्मियों को बूस्टर डोज लगाने की अनुमति दी गई है।

ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों से ही इसकी शुरुआत जिले में की जा रही है। उन्होंने बताया यदि चिकित्सक 60 साल से ऊपर वाले बुजुर्गों को मेडिकल अनफिट करने की पुष्टि देते हैं तो उन्हें भी बूस्टर डोज का टीका लगाया जाएगा।

छुट्टी का असर- सिर्फ 326 को लगा टीका

रविवार को नियमित टीकाकरण में 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में गिरावट दर्ज की गई है। इसकी पीछे की वजह रविवार की छुट्टी को बताया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. मनोज सैमुअल ने बताया कि डरने की कोई बात नहीं है। छुट्टियों के दिन बेहद कम टीके लगते हैं। इसके दूसरे दिन फिर से टीकाकरण रफ्तार पकड़ ले रहा है। मालूम हो कि रविवार को सिर्फ 326 को टीका लगा है।

अन्य वर्ग में 4,205 हुए टीकाकृत

18 साल से ऊपर आयु वर्ग के सभी श्रेणी में कुल 4,205 को टीका लगाया गया है। इसमे 18 से 44 साल आयु वर्ग में 886 को पहले और 2,469 को दूसरी डोज लगाई गई है। 45 से 59 साल आयु वर्ग में 95 को पहले और 629 को दूसरे चरण का टीका लगाया गया है। 60 प्लस में तीन को पहला और 123 को दूसरे चरण का टीका लगाया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *