मुंबई। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की आने वाली फिल्म अल्फा को लेकर सेट पर झगड़े की खबरों पर अभिनेता बॉबी देओल ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके और अभिनेत्री आलिया भट्ट के बीच किसी भी तरह का विवाद नहीं हुआ है और यह सब सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें हैं।
हाल ही में यह दावा किया गया था कि ‘अल्फा’ की शूटिंग के दौरान दोनों कलाकारों के बीच किरदार और कहानी को लेकर मतभेद हो गया था, जिसके बाद सेट पर तनाव की स्थिति बन गई। यहां तक कि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि बॉबी देओल की नाराज़गी के चलते मेकर्स ने उन्हें दूसरी फिल्म ऑफर की थी।
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए बॉबी देओल ने एक इंटरव्यू में कहा कि लोग “बेकार में कहानियां बना लेते हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसी किसी भी घटना का सामना नहीं किया है और सभी कलाकारों के बीच प्रोफेशनल माहौल रहा है।
बॉबी ने आलिया भट्ट की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद प्रोफेशनल और मेहनती अभिनेत्री हैं और फाइट सीक्वेंस जैसी तैयारियों में पूरी मेहनत करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले से ही उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित थे।
गौरतलब है कि ‘अल्फा’ का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं और यह फिल्म YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसमें एक्शन और थ्रिलर से भरपूर कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म में अनिल कपूर और शरवरी वाघ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिलहाल मेकर्स की ओर से रिलीज डेट को लेकर बदलाव की भी चर्चा है और फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।