किरंदुल। भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ (बीएमएस) के महामंत्री, भारत सरकार के केंद्रीय ठेका श्रम सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं एनजेसीएस सदस्य रंजय कुमार तथा खदान मजदूर संघ भिलाई के केंद्रीय महामंत्री उमेश मिश्रा दो दिवसीय प्रवास पर किरंदुल पहुंचे। उनके आगमन पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्थानीय एनएमडीसी अतिथि गृह में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके बाद श्रम संघ कार्यालय में एनएमडीसी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं, श्रम कानूनों और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रबंधन, उच्च प्रबंधन तथा शासन-प्रशासन से चर्चा करने का आश्वासन दिया।
नए लेबर कोड और बोनस नियमों की दी जानकारी
बैठक के दौरान बीएमएस महामंत्री रंजय कुमार एवं खदान मजदूर संघ भिलाई के केंद्रीय महामंत्री उमेश मिश्रा ने श्रमिकों को नए लेबर कोड के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इसके साथ ही बोनस और सीलिंग से जुड़े नियमों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
उन्होंने श्रमिकों को श्रम कानूनों एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा संगठन के माध्यम से अपनी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के महत्व से अवगत कराया। बैठक में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही गई।
श्रमिक हितों के लिए प्रबंधन से होगी चर्चा
महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष विषयों को रखने का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं को सामने लाना, उन्हें श्रम कानूनों की जानकारी देना तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक प्रयासों को मजबूत करना रहा।
ये पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी, उपेंद्र नाथ त्रिपाठी, लिशांष सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वहीं, शाखा बचेली के अध्यक्ष सुभाष चंद्र बोस, सचिव पूरन जायसवाल तथा आकाश माझी, नितेश विश्वकर्मा, सुधा, सूरमा, प्रीति, मिथुन, लाजेंद्र, शशि, खुशबू और पिंकी सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।