मेक्सिको में खूनी हमला: अंधाधुंध फायरिंग में बच्चे समेत 10 लोगों की मौत, महिलाओं को भी नहीं बख्शा

मेक्सिको | मेक्सिको एक बार फिर हिंसा की भयावह घटना से दहल उठा है। देश के मध्य-पूर्वी हिस्से में स्थित  पुएब्ला राज्य में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक रिहायशी इलाके में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक मासूम बच्चे और तीन महिलाओं समेत कुल 10 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला रविवार तड़के तेहुइतजिंगो  इलाके में हुआ, जहां हथियारबंद हमलावरों ने एक आवासीय परिसर को निशाना बनाया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बच्चे और महिलाओं को भी बनाया निशाना

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद करीब से अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। कई अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर कई वाहनों में सवार होकर आए थे और कुछ ही मिनटों में हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया।

हमलावरों की तलाश में बड़ा ऑपरेशन

घटना के बाद संघीय पुलिस, राज्य पुलिस और National Guard ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में लगे CCTV कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए हमलावरों का सुराग जुटाने में लगी हैं।

हालांकि अब तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे संगठित अपराध गिरोहों या ड्रग कार्टेल का हाथ हो सकता है।

मेक्सिको में लगातार बढ़ रही हिंसा

मेक्सिको  लंबे समय से गैंगवार, ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जूझ रहा है। देश के कई हिस्सों में आए दिन गोलीबारी और सामूहिक हत्याओं की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि ड्रग कार्टेल्स के बीच वर्चस्व की लड़ाई और स्थानीय अपराधी गिरोहों की बढ़ती गतिविधियों के कारण आम नागरिक भी हिंसा का शिकार बन रहे हैं।

इस ताजा हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *