कोलकाता| पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक बदलाव हुआ। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री बने। भवानीपुर सीट से पूर्व सीएम ममता बनर्जी को हराकर विजय प्राप्त करने वाले सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य कई दिग्गज नेता इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बने।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी समारोह का न्योता भेजा गया था, लेकिन वे शपथ ग्रहण में उपस्थित नहीं हुईं।
मंत्री पद की शपथ
शुभेंदु अधिकारी के साथ कई बीजेपी नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसमें बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष, आसलसोल से विधायक अग्निमित्रा पॉल और उत्तर 24 परगना से विधायक अशोक कीर्तनिया शामिल हैं। दिलीप घोष को भविष्य में उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद
8 मई को कोलकाता में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल बीजेपी के विधायक दल का नेता चुना। इसके बाद अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर 207 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। इससे पहले बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल की, जबकि टीएमसी महज 80 सीटों तक सिमट गई।
पीएम मोदी ने किया सम्मान
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को सम्मानित किया। पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाया और पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इसके अलावा उन्होंने रबींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर के सामने पुष्प अर्पित किए।
शपथ ग्रहण में देशभर के नेता और साधु-संत
इस ऐतिहासिक समारोह में देशभर से बीजेपी और NDA के नेता पहुंचे। पश्चिम बंगाल में पहली बार बनने जा रही बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल हुए। एक साधु ने कहा, “अब राम राज्य शुरू हो गया है, इसलिए हम यहां आए हैं।”
पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह दिन बदलाव और नए युग की शुरुआत के रूप में याद किया जाएगा।