भाजपा का दलित जोड़ो अभियान.., पीएम मोदी के जन्मदिन पर 75000 बस्तियों में पहुँचने का लक्ष्य

नई दिल्ली: भाजपा, 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले तमाम दलितों को राष्ट्रवाद के धागे में पिरोकर एकजुट करने की कोशिश में लग गई है। खबर है कि भाजपा का अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बड़ी तादाद में दलितों तक पहुंचने का प्लान बना रहा है। भाजपा का SC मोर्चा 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन से 26 नवंबर को संविधान दिवस तक पूरे देश में 75,000 दलित बस्तियों में “संपर्क अभियान” चलाएगा।

मीडिया से बात करते हुए, भाजपा SC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया है कि, ‘यह संपर्क अभियान 75,000 बस्तियों को कवर करेगा। इन 70 दिनों के दौरान, 7,500 होस्टल्स में लड़कियों और लड़कों से भी संपर्क साधा जाएगा। उन्हें SC समुदाय के लिए कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।’ लाल सिंह ने आगे कहा कि SC मोर्चा के सदस्य गांवों में लोगों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के मुद्दों को सुलझाने के लिए 5 लोगों की विशेष टीम का गठन किया जाएगा। आर्य ने आगे कहा कि, ‘ये टीमें सुनिश्चित करेंगी कि कल्याणकारी योजनाओं का फायदा लोगों तक पहुंचे। इसके साथ ही, उनका कार्य पार्टी के समर्थन आधार का विस्तार करना होगा। वे पार्टी के बारे में गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास करेंगे।’ उन्होंने कहा कि SC समुदाय से भाजपा का वोट शेयर बहुत बढ़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि, यूपी में, भाजपा को पिछली बार की तुलना में 13 फीसद ज्यादा जादव वोट मिले। पश्चिम बंगाल में, भाजपा को करीब 16 से 17 फीसद SC वोट मिले हैं। गरीबों के लिए भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजना के परिणामस्वरूप वोट शेयर में इजाफा हुआ है।’ आर्य ने कहा है कि भीम राव अंबेडकर से जुड़े स्थलों को महत्व देने से भी SC वोट भाजपा के पाले में आ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर छुट्टी का ऐलान, स्वच्छता अभियान और कल्याणकारी योजनाओं जैसी नीतियां अनुसूचित जाति समुदाय को भाजपा की तरफ आकर्षित करने की वजह हैं। उन्होंने कहा कि SC मोर्चा भी समुदाय के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *