नई दिल्ली । दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज धावकों का जमावड़ा देखने को मिलेगा। इथियोपिया के दो बार के पुरुष चैंपियन बिरहानु लेगेसे और केन्या की 2022 महिला वर्ग की विजेता इरीन चेप्टाई रविवार को होने वाली इस प्रतिष्ठित दौड़ में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के 21वें संस्करण में देश-विदेश के कुल 78 एलीट एथलीट अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस के रूप में पहचान रखने वाली इस प्रतियोगिता में 36 अंतरराष्ट्रीय एलीट धावक शामिल होंगे। इनमें 18 पुरुष और 18 महिला एथलीट हैं। इनके अलावा भारत के 42 एलीट धावक भी दौड़ में हिस्सा लेंगे, जिनमें 22 पुरुष और 20 महिला एथलीट शामिल हैं।
21.097 किलोमीटर की होगी मुख्य दौड़
प्रतियोगिता की मुख्य हाफ मैराथन 21.097 किलोमीटर लंबी होगी। इसका आयोजन नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से किया जाएगा। इस दौड़ में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ भारतीय धावक भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
भारतीय धावकों पर भी रहेंगी निगाहें
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ भारतीय एलीट धावकों के प्रदर्शन पर भी खेल प्रेमियों की नजर रहेगी। प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष और महिला धावक अंतरराष्ट्रीय एथलीटों को चुनौती देते नजर आएंगे।
दिल्ली हाफ मैराथन देश में लंबी दूरी की दौड़ को प्रोत्साहित करने वाले प्रमुख आयोजनों में शामिल है। इस आयोजन के जरिए अंतरराष्ट्रीय और भारतीय धावकों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, राजधानी में फिटनेस और दौड़ के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।