राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली बाइक रैली का कबीरधाम में स्वागत, विजय शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर । राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय बाइक रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाला अभियान है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और नशे से दूर रहने की अपील की।

सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोया : विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके योगदान से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय सेवाएं, जीएसटी, आधार, वन नेशन-वन राशन कार्ड और राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों और राजनीतिक दलों के बीच मतभिन्नता हो सकती है, लेकिन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए जनजागरूकता और सामाजिक भागीदारी जरूरी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

उन्होंने बाइक राइडर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने वाले ऐसे अभियान समाज को जागरूक करने में मदद करते हैं।

इस अवसर पर युवाओं और नागरिकों ने नशामुक्ति के संदेश के साथ सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान में अपनी भागीदारी भी दर्ज कराई।

28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी रैली

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह देशव्यापी बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता तथा नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई है। अभियान को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार प्रमुख जोन में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना हुई रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। इसके बाद बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंची।

रैली का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में होगा।

ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के राइडर्स का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और उनके साथी राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर रविन्द्र गिरी और उनकी टीम को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश देशभर में पहुंचाने के लिए बाइक राइडर्स के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। कबीरधाम पुलिस की टीम भी रैली के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक गई। इसके बाद रैली जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी तथा 31 अक्टूबर को एकता नगर पहुंचेगी।

सुरक्षा बलों के बलिदान को किया नमन

विजय शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में प्रगति हुई है।

उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

गणमान्य नागरिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय बाइक रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *