NEET छात्रों को बड़ी राहत, परीक्षा फीस लौटाएगा NTA; शुरू हुई ऑनलाइन प्रक्रिया

NEET UG 2026 |  NEET UG 2026  परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों को राहत देते हुए National Testing Agency ने फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों के लिए आधिकारिक रिफंड पोर्टल खोल दिया है, जहां छात्र ऑनलाइन आवेदन कर अपनी परीक्षा फीस वापस पा सकेंगे.

एनटीए के अनुसार, फीस रिफंड के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 27 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि फीस वापसी की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और रिफंड की राशि सीधे छात्रों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी.

रिफंड सुविधा केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगी, जिन्होंने NEET UG 2026 के लिए सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया था और आवेदन शुल्क जमा किया था. अधूरी आवेदन प्रक्रिया वाले उम्मीदवार इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे.

एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपनी बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपडेट कर दें. इसके लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि के जरिए लॉगिन करना होगा. इसके बाद बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और बैंक का नाम भरना होगा. जरूरत पड़ने पर रद्द चेक की कॉपी भी अपलोड करनी पड़ सकती है.

इस बीच भारी संख्या में छात्र पोर्टल पर विजिट कर रहे हैं, जिसके चलते कई उम्मीदवारों को लॉगिन एरर, OTP में देरी और सर्वर स्लो जैसी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एनटीए ने छात्रों से अपडेटेड ब्राउजर इस्तेमाल करने और आवेदन के बाद कन्फर्मेशन पेज का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने की अपील की है. साथ ही एजेंसी ने फर्जी वेबसाइट्स और अनऑफिशियल रिफंड मैसेज से सावधान रहने को भी कहा है.

ऐसे करें फीस रिफंड के लिए आवेदन

  • आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
  • NEET 2026 Refund Portal लिंक पर क्लिक करें
  • आवेदन संख्या और पासवर्ड/जन्मतिथि से लॉगिन करें
  • बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और बैंक का नाम भरें
  • फॉर्म सबमिट कर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *