PM मोदी पर भूपेश बघेल का पलटवार, बोले- पेट्रोल, खाद और NEET पर दें जवाब

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों को लेकर दिए गए बयान पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को विपक्ष पर टिप्पणी करने के बजाय देश के ज्वलंत मुद्दों जैसे पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं पर जवाब देना चाहिए।

रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा दूसरों को राजनीतिक स्थिरता का पाठ पढ़ाती है, जबकि खुद कई राज्यों में नेतृत्व परिवर्तन करती रही है। उन्होंने उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में चुनाव हारने वाले नेताओं को भी मुख्यमंत्री बनाया जाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है। साथ ही उन्होंने NEET और अन्य परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सरकार स्वयं अनियमितताओं को स्वीकार कर चुकी है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

कर्मचारियों को सार्वजनिक मंचों पर फटकार लगाने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, लेकिन केवल प्रचार या सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का अपमान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपना सम्मान होता है और कार्रवाई नियमों के तहत होनी चाहिए।

भाजपा पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के नेता लगातार उन्हें निशाने पर लेते हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे उन्हें अपना प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानते हैं।

इस दौरान उन्होंने झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस द्वारा उन्हें और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने पर बघेल ने कहा कि यह पार्टी की ओर से दी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और वह इसी सिलसिले में दिल्ली होते हुए रांची रवाना होंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *