Bhilai News: भिलाई स्टील प्लांट से 3 करोड़ के लौह स्क्रैप चोरी, 250 टन लोहा सहित चार आरोपी गिरफ्तार

Bhilai Crime News:भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहा चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम से करीब 250 टन चोरी का लोहा जब्त किया है।

भिलाई स्टील प्लांट से 3 करोड़ के लौह स्क्रैप चोरी

Bhilai News: बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पुरानी भिलाई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब तीन करोड़ 22 लाख रुपए का स्क्रैप और चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे भारी वाहन जब्त किए गए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा सबसे पहले पत्रिका ने किया था। भिलाई-3 थाना पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स, एचआईए हथखोज में संदिग्ध स्क्रैप रखा गया है।

Bhilai News: एसएसपी ने दिए निर्देश

एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीम ने मौके से करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग, दो ट्रक, जेसीबी, हाइड्रा और अन्य मशीनें जब्त की है। जांच के दौरान हाईवा में फ्लू डस्ट के नीचे लोहे की प्लेट और बीम कटिंग छिपाकर रखी मिली। वहीं एक ट्रक में भी बड़ी मात्रा में स्क्रैप भरा हुआ था।

ट्रांसपोर्टर व गोदाम संचालक की तलाश जारी

मौके पर मौजूद लोगों से स्क्रैप संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत और आगे की जांच

पुलिस को भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान और ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत का शक है। कबाड़ी संचालित करने वाले लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने एक जांच समिति गठित की है। यह समिति पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी। अन्य आरोपियों की पतासाजी भी की जा रही है।

गोदाम में मिला 250 टन से ज्यादा लोहा

जांच में गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था।

पुलिस ने जब दो हाईवा वाहनों की जांच की तो ऊपर फ्लाई ऐश दिखाई दी, लेकिन अंदर टनों के हिसाब से लोहा भरा मिला।

गिरफ्तार आरोपी

मीथेन ठाकुर – निवासी सिकोला बस्ती, मोहन नगर, दुर्ग चिंतानंद साहू (उम्र 40) – निवासी बाबा दीप सिंह नगर, वैशाली नगर गीतेश वर्मा (उम्र 36 वर्ष) – निवासी टाटा लाइन, कोहका निर्मल सिंह (उम्र 52) – निवासी EWS-697, वैशाली नगर

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *