राज्य सरकार की योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास का लाभ : सांसद रूपकुमारी चौधरी

महासमुंद/रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की जनहितकारी पहल से प्रदेश के सभी वर्गों में सकारात्मक वातावरण बना है।

उन्होंने कहा कि ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ की भावना के साथ छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। उनके दूरदर्शी निर्णय से प्रदेश को पृथक राज्य के रूप में पहचान मिली।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके साथ ही सड़क, आवास, स्कूल, पंचायत और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने राज्योत्सव के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने की अपील की। साथ ही सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर जिलेवासियों को बधाई दी।

किसानों, महिलाओं और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार : विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों को ऐतिहासिक सौगात दी थी। वर्तमान सरकार उनकी परिकल्पना के अनुरूप प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

विधायक ने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर 21 क्विंटल धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि का अंतरण सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब किसान, युवा, महिलाएं और समाज के सभी वर्ग विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता : चंद्रहास चंद्राकर

छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता और किसानों के हितों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं।

समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे विकास का लाभ

शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक ने राज्योत्सव की बधाई देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति के अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान ने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

महासमुंद जिले ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि महासमुंद ने विभिन्न निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले की ऐतिहासिक धरोहर सिरपुर का यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल होना महासमुंद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

कलेक्टर ने जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि:

  • महतारी वंदन योजना: जिले की लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है।
  • लखपति दीदी अभियान: निर्धारित लक्ष्य 22,546 के विरुद्ध 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण: जिले में अब तक 1,17,866 आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
  • प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: 5,400 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।
  • मोर गांव-मोर पानी अभियान: जल संरक्षण कार्यों के माध्यम से लगभग 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन क्षमता विकसित की गई है।
  • सड़क निर्माण: 204 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है। महासमुंद मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसके अलावा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 6.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड और 3 करोड़ रुपये की लागत से नए नगरपालिका भवन के निर्माण की योजना है।

16 विभागों की प्रदर्शनी में दिखी विकास योजनाओं और उपलब्धियों की झलक

राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा कुल 16 आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनमें कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन विभाग और जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों ने अपनी उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी।

सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

राज्योत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। स्थानीय स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति के अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, भारत स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।

महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव ने छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी की भावना को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *