कोलकाता | पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर के सूर्यपुर हाट इलाके में नाबालिग बच्ची की रेप और हत्या के बाद हुई हिंसा में मारे गए आरोपी इंद्रजीत मंडल के परिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आर्थिक सहायता और नौकरी देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री शनिवार को इंद्रजीत मंडल के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और इंद्रजीत के बड़े भाई को नागरिक स्वयंसेवक के पद पर नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा।
CM बोले- इसे लिंचिंग नहीं मानेंगे
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इंद्रजीत मंडल की मौत को लिंचिंग मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भीड़ ने हमला करने से पहले उसकी पहचान की थी और पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित बच्ची के परिवार से भी मिले CM
इससे पहले मुख्यमंत्री ने रेप-मर्डर की शिकार नाबालिग बच्ची के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सूर्यपुर में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया।
राजनीतिक साजिश की जताई आशंका
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद कुछ राजनीतिक तत्वों, अतिवाम संगठनों और कट्टरपंथी समूहों ने माहौल को भड़काने की कोशिश की हो सकती है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 4 जुलाई से लापता नाबालिग बच्ची का शव सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में बरामद हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले में आरोपी बताए जा रहे इंद्रजीत मंडल की कथित तौर पर पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।