अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप से छात्राओं को मिलेगा उच्च शिक्षा का संबल, हर साल 30 हजार की सहायता

धमतरी  आर्थिक परिस्थितियां बेटियों की उच्च शिक्षा में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत चयनित पात्र छात्राओं को स्नातक शिक्षा की अवधि के दौरान प्रतिवर्ष 30,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। छात्राएं इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर सकेंगी।

छात्रवृत्ति के अंतर्गत छात्राओं को उनकी स्नातक शिक्षा की अवधि के अनुसार 2 से 5 वर्षों तक सहायता मिल सकती है। इस प्रकार पात्र छात्रा को अधिकतम 1.50 लाख तक की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा से वंचित होने वाली छात्राओं को शिक्षा जारी रखने के लिए आवश्यक आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है।

मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं होगा चयन

अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की प्रमुख विशेषता यह है कि छात्रवृत्ति के लिए चयन मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं किया जाता। सरल पात्रता मानदंड और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से अधिक से अधिक छात्राओं को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं की पहचान कर विशेष अभियान चलाने तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी छात्रा की उच्च शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। जानकारी के अभाव में कोई पात्र छात्रा छात्रवृत्ति के अवसर से वंचित न रहे, इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं।

छत्तीसगढ़ सहित 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं पात्र

वर्ष 2026-27 में अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप का तीसरा कोहोर्ट शुरू किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ सहित कुल 21 राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। पात्र छात्राओं को भारत के सरकारी संस्थानों अथवा मान्यता प्राप्त निजी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित छात्रा के रूप में प्रवेश लिया होना आवश्यक है।

31 अगस्त तक कर सकेंगी आवेदन

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन के दो अवसर दिए गए हैं। पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक है, जबकि दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा। आवेदन केवल अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।

आवेदन के लिए छात्राओं को पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका तथा कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या शुल्क रसीद की स्पष्ट प्रतियां तैयार रखनी होंगी।

आवेदन पूरी तरह निःशुल्क

फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। फाउंडेशन फोन कॉल या संदेश के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी अथवा ओटीपी नहीं मांगता और छात्रवृत्ति के लिए किसी प्रकार का साक्षात्कार भी आयोजित नहीं किया जाता। छात्राओं को संदिग्ध कॉल या संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2024 में शुरू की गई यह छात्रवृत्ति आर्थिक बाधाओं के कारण उच्च शिक्षा से दूर होने वाली छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है। धमतरी जिले की पात्र छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *