दर्शकों को हर तरह के हीरो पसंद, लेकिन सूरज बड़जात्या देते हैं सबसे सच्चा और निर्मल नायक: आयुष्मान खुराना

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना का मानना है कि सिनेमा में हर तरह के नायकों की अपनी खास जगह होती है, लेकिन अच्छाई, दयालुता और सच्चाई के रास्ते पर चलने वाले नायक की पहचान सबसे अलग होती है।

आयुष्मान खुराना जल्द ही सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में प्रेम के किरदार में नजर आएंगे। उनका यह किरदार प्यार, सच्चाई और मानवीय मूल्यों में विश्वास करता है। वह दूसरों को खुद से पहले रखता है और सही काम करने को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानता है।

अभिनेता ने कहा कि दर्शक हर तरह के नायकों को पसंद करते हैं। इनमें भव्य अंदाज वाले नायक से लेकर अपनी खामियों के साथ आगे बढ़ने वाले किरदार तक शामिल हैं। हालांकि, उनके अनुसार सूरज बड़जात्या की फिल्मों के नायक अपनी सादगी, निर्मलता और सकारात्मक सोच के कारण खास पहचान बनाते हैं।

आयुष्मान का मानना है कि ऐसे किरदार दर्शकों को अच्छाई और रिश्तों की अहमियत का एहसास कराते हैं। सूरज बड़जात्या की फिल्म में प्रेम का किरदार निभाना उनके लिए एक खास अनुभव है।

फिल्म में प्रेम के जरिए प्यार, त्याग, दयालुता और सच्चाई जैसे मूल्यों को पर्दे पर पेश किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *