रायपुर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बलरामपुर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में 6 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण एवं सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी दैनिक जरूरतों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सौनी निवासी श्री धनेश्वर सोनी को बैसाखी, भनौरा निवासी श्री निशांत पैकरा एवं बड़की महरी निवासी सुश्री महिमा दास को व्हीलचेयर प्रदान की। वहीं भनौरा निवासी श्री गौरीशंकर एवं श्री फनु सिंह को स्टिक तथा सौनी निवासी सुश्री ममता पाल को स्मार्टफोन वितरित किया।
सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों के आवागमन में सुविधा के साथ दैनिक जीवन के कार्यों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शासन की योजनाओं और आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करते हैं।