Asian Games 2026: पाकिस्तान को PUBG में ब्रॉन्ज, जानिए भारत के पड़ोसियों का हाल

नई दिल्ली । जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 का समापन हो गया। प्रतियोगिता में चीन ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा और 341 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक जीते और चौथे स्थान पर रहा।

भारत के पड़ोसी देशों की बात करें तो पाकिस्तान ने कुल 10 पदक जीते, जबकि म्यांमार कम कुल पदकों के बावजूद गोल्ड मेडल के मामले में पाकिस्तान से आगे रहा। वहीं भूटान और मालदीव इस बार पदक जीतने में कामयाब नहीं रहे।

पाकिस्तान को PUBG Mobile में ब्रॉन्ज

पाकिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 में कुल 10 पदक जीते। इनमें एक खास पदक ई-स्पोर्ट्स के PUBG Mobile इवेंट में आया। पाकिस्तान ने इस स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। थाईलैंड ने गोल्ड और चीन ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

पाकिस्तान के अन्य पदकों में पुरुष क्रिकेट टीम का सिल्वर और महिला क्रिकेट टीम का ब्रॉन्ज शामिल रहा। हॉकी में पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता।

इसके अलावा स्क्वैश में पाकिस्तान ने एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज सहित तीन पदक हासिल किए। शूटिंग, वॉलीबॉल और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी उसे एक-एक पदक मिला। पाकिस्तान बिना किसी गोल्ड के 10 पदकों के साथ 29वें स्थान पर रहा।

श्रीलंका ने जीता एक गोल्ड

श्रीलंका ने कुल तीन पदक अपने नाम किए। इनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है। जैवलिन थ्रो में पथिराज रमेश ने श्रीलंका के लिए स्वर्ण पदक जीता।

क्रिकेट में श्रीलंका की पुरुष टीम ने ब्रॉन्ज और महिला टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया। श्रीलंका पदक तालिका में 28वें स्थान पर रहा।

अफगानिस्तान के खाते में तीन मेडल

अफगानिस्तान ने प्रतियोगिता में एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज सहित तीन पदक जीते। साइकिलिंग रोड इवेंट में उसे सिल्वर मेडल मिला, जबकि वुशु में दो कांस्य पदक हासिल हुए। अफगानिस्तान 32वें स्थान पर रहा।

म्यांमार ने गोल्ड में पाकिस्तान को पछाड़ा

म्यांमार ने कुल 5 पदक जीते, जिनमें दो गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज शामिल हैं। कुल पदकों के मामले में म्यांमार पाकिस्तान से पीछे रहा, लेकिन दो स्वर्ण पदकों के साथ उसका प्रदर्शन बेहतर रहा। म्यांमार पदक तालिका में 24वें स्थान पर रहा।

नेपाल और बांग्लादेश को ब्रॉन्ज

नेपाल ने दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। कबड्डी और कराटे में उसे एक-एक कांस्य पदक मिला। नेपाल पदक तालिका में 36वें स्थान पर रहा।

वहीं बांग्लादेश के खाते में केवल एक ब्रॉन्ज मेडल आया और वह 37वें स्थान पर रहा।

भूटान और मालदीव खाली हाथ

एशियन गेम्स 2026 में भूटान और मालदीव कोई भी पदक जीतने में सफल नहीं रहे।

चीन का फिर दिखा दबदबा

चीन ने एशियन गेम्स में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। उसने कुल 341 पदक जीते, जिनमें 169 गोल्ड, 89 सिल्वर और 83 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ चीन पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।

भारत ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज सहित कुल 85 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के बाद भारत एशिया के इस बड़े खेल आयोजन में चौथे नंबर पर रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *