अरुण साव ने सरगुजा-सूरजपुर के विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश

श्री साव ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और सक्रियता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

पीएम आवास के निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश

नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता वाला कार्य बताते हुए सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रगतिरत आवासों का निर्माण अक्टूबर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्काल कार्य प्रारंभ कराने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने पर जोर

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए श्री साव ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है। ऐसे में सड़कों और अधोसंरचना से जुड़े कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही पर रोक लगाने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति से जुड़े कार्यों और अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। श्री साव ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक स्कूलों में बढ़ें खेल गतिविधियां

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए खेल विभाग, जिला पंचायत और शिक्षा विभाग को मिलकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को चिन्हांकित कर खेल गतिविधियां संचालित कराने को कहा। साथ ही सरगुजा ओलंपिक के लिए किए जा रहे पंजीयन की जानकारी लेते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

श्री साव ने कहा कि खेल युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा।

बैठक में सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले तथा अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *