राज्य खेल पुरस्कारों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी और डाइट मनी के लिए आवेदन शुरू, 5 अगस्त तक करें अप्लाई

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण, खेल पुरस्कारों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं।

विभाग के अनुसार आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन का प्रारूप विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही आवेदन फॉर्म खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, सभी जिला कार्यालयों तथा राज्य खेल संघों से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

राज्य खेल अलंकरण के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा। सीनियर वर्ग के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, जबकि खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ खिलाड़ियों को शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं, लगातार राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कारों के तहत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए 3 लाख, शहीद कौशल यादव पुरस्कार एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50 लाख तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान और शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए 25-25 हजार की नगद राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी दी जाएगी।

सीनियर और जूनियर वर्ग की विजेता टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में 2 लाख और जूनियर वर्ग में 1 लाख, जबकि चार से अधिक सदस्यों वाली टीमों को सीनियर वर्ग में 5 लाख और जूनियर वर्ग में 3 लाख का पुरस्कार मिलेगा।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए खेलवृत्ति (डाइट मनी) तथा खेल संघों के लिए प्रेरणा निधि के आवेदन भी आमंत्रित किए गए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल संबंधित राज्य खेल संघों की अनुशंसा के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। वहीं, जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां बेहतर हैं लेकिन उन्हें संघ की अनुशंसा नहीं मिली है, वे निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत आवेदन 5 अगस्त 2026 तक खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, रायपुर या संबंधित जिला कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों का लाभ उठाने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *