रायपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम घुईटांगर के रहने वाले एथलीट अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उनसे सौजन्य मुलाकात की और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अनिमेष के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में जीता कांस्य पदक
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में अनिमेष कुजूर ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने इस स्पर्धा में 41.06 सेकंड का समय दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
जशपुर के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पदक जीतने तक का अनिमेष का सफर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बन गया है।
अनिमेष की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जशपुर की माटी के बेटे अनिमेष कुजूर ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है और भारतीय टीम का राष्ट्रीय रिकॉर्ड सुधारना इस सफलता को और खास बनाता है।
मुख्यमंत्री ने अनिमेष से उनके प्रदर्शन, प्रशिक्षण और खेल यात्रा के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अनिमेष की उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा को सही अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण अंचलों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर से सरगुजा और जशपुर तक ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं की शुरुआती स्तर पर पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के विकास को युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उन्हें प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने अनिमेष
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष कुजूर जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं। उनकी सफलता नई पीढ़ी में यह विश्वास पैदा करती है कि अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने अनिमेष को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी समर्पण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहें तथा आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में देश के लिए और पदक जीतें।
परिवार और खेल जगत के प्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अनिमेष कुजूर ने अपने खेल अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उनके पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनिमेष कुजूर की उपलब्धि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान का प्रतीक है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की नई प्रेरणा मिलेगी।