रायपुर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार हैं। वे बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और सुपोषित भविष्य की नींव रखने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े शनिवार को सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है। यहां कार्यकर्ता और सहायिकाएं गर्भवती माताओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। दूरस्थ गांवों और कठिन परिस्थितियों में भी वे अपने सेवाभाव और समर्पण से माताओं एवं बच्चों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाती हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और पोषण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती माता को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके परिश्रम, त्याग और सेवाभाव की सराहना की तथा इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
समारोह में ‘पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को साकार करने में आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान की सराहना की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती शैल महेंद्र साहू तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
समारोह के माध्यम से आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान को सम्मानित करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।