सुबह-सुबह मौत बनकर आया हाथी, दंपति को कुचलकर उतारा मौत के घाट

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले से एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राजपुर वन परिक्षेत्र की है, जहां दल से भटके एक दंतैल हाथी ने पति-पत्नी को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे कुंदी कला गांव के बांधपारा जंगल के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी शौच के लिए घर से बाहर जा रहे थे, तभी उनका सामना अचानक एक दंतैल हाथी से हो गया।

हाथी ने दोनों को देखते ही हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

क्षेत्र में घूम रहा हाथियों का दल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में पांच हाथियों का दल घूम रहा है। इसी दल से एक हाथी अलग होकर गांव के आसपास पहुंच गया और उसने दंपति पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *