अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अमित शाह ने महिलाओं के लिए किया बड़ा ऐलान

अगरतला: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि त्रिपुरा में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। त्रिपुरा में भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर अगरतला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने यह बात कही है। गृह मंत्री ने कहा कि, ‘मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि इन 4 वर्षों में हमने त्रिपुरा को संभालने का काम किया है। अगले साल जब 5 वर्ष हो जाएंगे तो उसके बाद एक अवसर और दे दीजिए, हम त्रिपुरा को देश में नंबर एक राज्य बनाएंगे।’

अमित शाह ने आगे कहा कि, ‘जहां-जहां कम्युनिस्टों की सरकार होती है, वहां सियासी विरोधियों के खून से होली खेली जाती है। मगर मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि त्रिपुरा में सियासी हत्याओं पर पूर्ण विराम लगाने का काम हमारे सीएम विप्लब देव जी ने किया है।’  25 वर्षों तक कम्युनिस्टों ने यहां गरीबों के नाम पर शासन किया, मगर गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और अन्य दलों के 39 से अधिक कार्यकर्ताओं का क़त्ल कर दिया गया।

अमित शाह ने आगे कहा कि पहले त्रिपुरा में उग्रवाद, घुसपैठ, बंद, तनाव, भ्रष्टाचार की बात होती थी। आज पूरे उत्तरपूर्व भारत को पीएम नरेंद्र मोदी ने अष्ट लक्ष्मी का स्वरूप देकर विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स, इंवेस्टमेंट और जैविक खेती का बड़ा हब बनाने का कार्य किया है। गृह मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के चार वर्षों बाद मैं देख रहा हूं कि जो त्रिपुरा पहले ड्रग्स और नशे के कारोबार से परेशान था, वो त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।त्रिपुरा के प्रत्येक गरीब के घर में बिजली पहुंचाने का कार्य हमारी सरकार ने किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *