धर्मांतरण के आरोप से मचा हंगामा: चंगाई सभा में बवाल, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप

कवर्धा।छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के लालमाटी गांव में चंगाई सभा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर हिंदू संगठनों ने सभा के दौरान प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है, वहीं ईसाई समुदाय ने विरोध के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है। मामला तरेगांव थाना क्षेत्र का है और पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, चंगाई सभा के दौरान तनाव की स्थिति उस समय उत्पन्न हो गई जब कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर ग्रामीणों और कुछ संगठनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और मामला थाने तक पहुंच गया।

आदिवासी महिला ने दर्ज कराई शिकायत:
एक बैगा आदिवासी महिला ने तरेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके बेटे की तबीयत खराब होने पर कुछ लोग उसके घर पहुंचे और कथित रूप से ईसाई धर्म अपनाने पर इलाज होने का दावा किया। महिला का आरोप है कि परिवार को यह भी धमकी दी गई कि धर्म नहीं बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे घर आकर डराया-धमकाया गया और जेल भेजने तक की धमकी दी गई।

दोनों पक्षों के आरोप सामने आए:
वहीं दूसरी ओर, ईसाई समुदाय का आरोप है कि चंगाई सभा के दौरान उनके लोगों के साथ मारपीट की गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

पुलिस जांच जारी:
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *