पहली बार होगा ऑल इंडिया ओपन FIDE रेटेड चेस टूर्नामेंट, देशभर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

जशपुर नगर । जशपुर जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में पहली बार ऑल इंडिया ओपन FIDE रेटेड चेस टूर्नामेंट ‘चेकमेट @ जशपुर 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आगाज 29 अगस्त से होगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास की पहल पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को लेकर जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम श्री विश्वासराव मस्के के अनुसार, टूर्नामेंट में देश के चर्चित शतरंज खिलाड़ियों में शामिल इंटरनेशनल मास्टर कौस्तुव कुंडू भी हिस्सा लेने वाले हैं। उनकी भागीदारी से प्रतियोगिता का स्तर, रोमांच और प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव

इंटरनेशनल मास्टर कौस्तुव कुंडू भारत के अलावा इटली, फ्रांस, स्पेन और बांग्लादेश में आयोजित विभिन्न शतरंज प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। इटली में आयोजित 22nd Spilimbergo Masters 2024 में उन्होंने मजबूत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

कौस्तुव कुंडू की FIDE रेटिंग 2347 है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अनुभव और रेटेड प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें ‘चेकमेट @ जशपुर 2026’ के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है।

कई प्रतियोगिताओं में हासिल कर चुके हैं खिताब

कौस्तुव कुंडू ने वर्ष 2025 में नागपुर में आयोजित 18वें जी.एच. रायसोनी मेमोरियल इंटरनेशनल रेटिंग क्लासिकल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था।

इसके अलावा उन्होंने 6वें डीडी-बीडीसीए रेटिंग ओपन में भी खिताबी सफलता हासिल की है। वहीं फर्स्ट रॉयल राइवल्स रेटिंग ओपन 2024 के विजेता भी रहे हैं। इन उपलब्धियों के चलते उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शतरंज जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

जशपुर को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

जिले में पहली बार आयोजित होने जा रही इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से शतरंज खिलाड़ियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी और शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

कौस्तुव कुंडू जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की भागीदारी से जशपुर को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन जिले में शतरंज सहित अन्य खेलों के विकास और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जशपुर में पिछले वर्ष भी स्टेट लेवल ओपन चेस टूर्नामेंट 2025 का आयोजन किया गया था। अब ऑल इंडिया ओपन FIDE रेटेड टूर्नामेंट के आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *