लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में पेपर लीक और भर्ती परीक्षाएं रद्द होने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं से लाखों युवा और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं, जिसका राजनीतिक असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रद्द हुई उत्तर प्रदेश पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के 2,65,270 अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। यदि प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ उनके माता-पिता को भी शामिल किया जाए तो प्रभावित लोगों की संख्या 7,95,810 हो जाती है।
सपा अध्यक्ष ने विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि 20 पेपर लीक की घटनाओं को जोड़ने पर प्रभावित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों का आंकड़ा करीब 1.59 करोड़ तक पहुंचता है।
उन्होंने राजनीतिक गणित का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में लगभग 25 हजार युवा और आम मतदाता भाजपा सरकार से निराश हैं। उन्होंने दावा किया कि ये लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान कर सकते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं के निरस्त होने से युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नौकरी की तैयारी में वर्षों मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नाराजगी से पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) काफिला और मजबूत होगा।
सपा अध्यक्ष के इस बयान से उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं, युवाओं के रोजगार और पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।